
कांग्रेस का आरोप- चुनावी लाभ के लिए महिलाओं को गुमराह कर रही भाजपा सरकार, दिसंबर में ही खातों में डाली जाए चुनाव बाद की सम्मान राशि
देहरादून, 25 नवंबर। उत्तराखंड में भाजपा सरकार की दीदी-वैणी योजना को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर रही है। पार्टी ने मांग की कि योजना का लाभ केवल चुनिंदा महिलाओं को नहीं, बल्कि प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को दिया जाए। साथ ही चुनाव के बाद दी जाने वाली 10 हजार रुपये की धनराशि भी दिसंबर माह में ही महिलाओं के खातों में हस्तांतरित की जाए।
बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार ने दीदी-वैणी योजना के तहत महिलाओं के खातों में चुनाव से पहले 10 हजार और चुनाव के बाद 10 हजार रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की बजाय चुनावी लाभ लेने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना चाहती तो पांच साल तक हर महीने सम्मान राशि देने की व्यवस्था करती। उन्होंने ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी के इस योजना को चुनाव में गेम चेंजर बताने वाले बयान पर भी सवाल उठाए।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने योजना के लाभार्थियों की संख्या को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने इसके लिए केवल 5 लाख 23 हजार महिलाओं का चयन किया है, जबकि प्रदेश में करीब 43 लाख 7 हजार बालिग महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना से बाहर रखना उचित नहीं है। कांग्रेस की मांग है कि सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाए और चुनाव के बाद मिलने वाली 10 हजार रुपये की राशि दिसंबर में ही उनके खातों में भेजी जाए।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के सम्मान के नाम पर चुनावी राजनीति कर रही है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले में कथित वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग पर भाजपा सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में रही है।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल चुनावी घोषणाओं और एकमुश्त आर्थिक सहायता से सुनिश्चित नहीं हो सकता। इसके लिए स्थायी आर्थिक सुरक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी महिलाओं को हर महीने महिला सम्मान राशि देने के साथ बेरोजगार परिवारों को रोजगार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था की जाएगी।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, कर्नल राम रतन नेगी, पंखुड़ी पाठक और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।







