
विनोद आर्य और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग, मोबाइल फोन बरामद कर निष्पक्ष जांच कराने की उठाई मांग
देहरादून 25 नवंबर। अंकिता भंडारी की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अपनी दिवंगत बेटी की निजी बातचीत सार्वजनिक किए जाने से नाराज अंकिता के माता-पिता बुधवार को गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होता, उनका धरना और अनशन जारी रहेगा।
अंकिता के माता-पिता का आरोप है कि कई थानों के चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है। उनका कहना है कि बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई के बीच अब उसकी निजी बातचीत सार्वजनिक कर उसके सम्मान और निजता को ठेस पहुंचाई जा रही है।
दरअसल, बीते दिनों विनोद आर्य और उनके साथ एक अधिवक्ता ने पत्रकार वार्ता कर अंकिता की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थी। इस दौरान अंकिता और उसके कथित मित्र को लेकर की गई टिप्पणियों पर परिवार ने कड़ी आपत्ति जताई है।
अंकिता का मोबाइल फोन बरामद करने की मांग
धरने के दौरान अंकिता की मां ने बेटी के मोबाइल फोन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि अंकिता का मोबाइल फोन विनोद आर्य के पास हो सकता है। उन्होंने मांग की कि मोबाइल फोन की बरामदगी कर उससे जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
17 और 18 सितंबर की चैट सार्वजनिक करने की मांग
अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य और उनके सहयोगी उनकी बेटी को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 17 और 18 सितंबर 2022 की चैट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है। पिता ने विनोद आर्य और अनुज मंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने कहा कि उनका परिवार केवल अपनी बेटी को न्याय दिलाना चाहता है। जब तक उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होती, वे गांधी पार्क में धरने पर बैठे रहेंगे। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर अंकिता के परिवार को समर्थन दिया।







