
जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री ने कीं छह विकास कार्यों की घोषणाएं, गन्ना मूल्य बढ़ाने पर जल्द निर्णय का भरोसा
हरिद्वार, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी बनाने, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध बनाने और ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। वहीं, गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर साल किसानों के हित में मूल्य वृद्धि का प्रयास करती रही है। इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
धामी ने कहा कि मंगलौर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। सरकार यहां स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में एक हजार से अधिक लोगों को आवास दिए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं, जबकि 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखंड के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी जा चुकी है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। नहरों से सिंचाई निःशुल्क की गई है और फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए बिना भेदभाव काम कर रही है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना तथा मातृशक्ति का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार काम कर रही है।
रैली में कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






