धारा-4 समाप्त कर मालिकाना हक देने की मांग को लेकर चंद्रबनीवासियों की पदयात्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

परेड ग्राउंड से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाली पदयात्रा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

देहरादून 25 नवंबर। चंद्रबनी क्षेत्र में भारतीय वन अधिनियम की धारा-4 समाप्त कर वर्षों से निवास कर रहे परिवारों को भूमि और मकानों का मालिकाना हक देने की मांग को लेकर बुधवार को क्षेत्रवासियों ने विशाल पदयात्रा निकाली। पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला के नेतृत्व में निकाली गई पदयात्रा परेड ग्राउंड से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। यहां क्षेत्रवासियों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।

ज्ञापन में कहा गया कि चंद्रबनी क्षेत्र में करीब पांच हजार परिवार पिछले 60 वर्षों से अधिक समय से निवास कर रहे हैं। इसके बावजूद धारा-4 के तहत भूमि दर्ज होने के कारण उन्हें अपनी जमीन और मकानों का मालिकाना हक नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की कि धारा-4 समाप्त कर पात्र परिवारों को मालिकाना अधिकार प्रदान किए जाएं, ताकि उन्हें लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सके।

प्रदर्शनकारियों ने आशारोड़ी रेंज के क्षेत्राधिकारी को हटाने की मांग भी उठाई। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी और उनके कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र के ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

पदयात्रा में क्षेत्रीय पार्षद सुमन बुटोला, अजय गोयल, पूर्व ग्राम प्रधान मोहब्बेवाला भगवान सिंह बिष्ट, अनिल ढकाल, विलोचन प्रसाद शर्मा, विकास कश्यप, अनीश भटनागर, राधा गुप्ता, पुष्पा भंडारी, भगवान सिंह, अनूप चौहान, देवेंद्र कोठारी, मनोज कोठारी, राधेश्याम कश्यप, कर्म सिंह पंवार, रामपाल सिंह राठौड़, सुखपाल कोली, राकेश कुकरेती, मनोज पंत, महेश घोष, रेखा देवी, रीना गौड़, कृष्णपाल और मनीष थापा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।

Leave a Comment

और पढ़ें