
सरकार ने जारी किया पांच वर्षों का रिपोर्ट कार्ड, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धियां गिनाईं
देहरादून 26 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र व राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार ने केवल योजनाएं बनाने पर नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर आम जनता तक लाभ पहुंचाने पर ध्यान दिया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण सरकार का लक्ष्य है।
धामी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जर्मन और जापानी भाषा के प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। प्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है और उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है।
महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से 5.19 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। वहीं नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से लगभग 10 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह करीब 148 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
किसान कल्याण के संबंध में उन्होंने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों को तीन हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि हस्तांतरित की गई है। मंडुआ का समर्थन मूल्य 5200 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। निवेश आकर्षण सूचकांक-2026 में उत्तराखंड को पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान मिला है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। अब तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार दिया गया है। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से यह कानून लागू है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी और दंगारोधी कानून लागू किए गए हैं। सख्त भू-कानून के तहत प्रदेश के 11 जिलों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है।
बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है।
पर्यटन के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है तथा 100 ट्रैकिंग और हाइकिंग मार्ग चिह्नित किए गए हैं। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक की व्यवस्था की गई है।
ऊर्जा और पेयजल के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी की एक हजार मेगावाट की पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों ने उत्पादन शुरू कर दिया है। जल जीवन मिशन के तहत 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं।
उन्होंने आपदा प्रबंधन, खेल और ग्रामीण विकास के कार्यों का भी उल्लेख किया। कहा कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना और केदारनाथ आपदा के दौरान 15 हजार से अधिक लोगों का रेस्क्यू करना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक हासिल किए। हल्द्वानी के गौलापार में राज्य खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। आंदोलनकारियों की पेंशन में वृद्धि के साथ उन्हें परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी गई है। अग्निवीरों के कल्याण के लिए अग्निवीर सेल का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करना है।कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्री, विधायक और विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






