
संविधान एवं विधि दिवस पर धामी ने की तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं, 12 विभूतियों को किया सम्मानित
देहरादून 26 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संविधान के आदर्शों और मूल्यों को प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में उतारना चाहिए। संविधान दिवस हमें न्याय, समानता और निष्पक्षता के सिद्धांतों पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करना राज्य सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं हेतु अतिरिक्त धनराशि दी जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन अधिकारियों की विधिक दक्षता, मेहनत और निष्पक्षता से न्याय व्यवस्था के प्रति आम जनता का विश्वास मजबूत होता है। अधिकारियों को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन नए कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविंद राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कंडवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, ललित जोशी तथा सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चंद्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुंदर सिंह गुसाईं शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन किया। साथ ही विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग और डिजिटल न्यायालयों जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, गृह सचिव शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







