उत्तराखंड चुनाव 2027: टिकट के लिए भाजपा में घमासान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून की पांच सीटों पर 36 दावेदार मैदान में
कैंट सीट पर सबसे ज्यादा 13 नेताओं ने जताई दावेदारी

मसूरी और रायपुर में भी टिकट को लेकर बढ़ी हलचल; कांग्रेस भी जिताऊ चेहरों की तलाश में जुटी

देहरादून 26 नवंबर ।उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ा दी है। दोनों ही दलों में विधानसभा टिकट को लेकर दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर सत्ताधारी भाजपा में कई सीटों पर टिकट के लिए पार्टी के भीतर ही मुकाबले की स्थिति बनने लगी है।
देहरादून महानगर की पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा के 36 नेताओं ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। इनमें सबसे अधिक 13 दावेदार देहरादून कैंट विधानसभा सीट से सामने आए हैं। वहीं रायपुर सीट पर आठ, राजपुर रोड पर सात, मसूरी में पांच और धर्मपुर विधानसभा सीट पर तीन नेता टिकट की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।
कैंट सीट पर सबसे ज्यादा दावेदार
देहरादून कैंट विधानसभा सीट भाजपा के लिए सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण बनती दिखाई दे रही है। यहां मौजूदा विधायक सविता कपूर के अलावा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, जोगेंद्र पुंडीर, विनय गोयल, राजेश सेठी, अमित कपूर, आदित्य चौहान, कुंवर जपेंद्र सिंह, अर्चित डावर, अमिता सिंह, सचिन गुप्ता, सिद्धार्थ बंसल और मोहित शर्मा के नाम दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं। ऐसे में इस सीट पर पार्टी के सामने उम्मीदवार का चयन करना आसान नहीं होगा।
मसूरी विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के अलावा पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा नेता रविंद्र जुगरान, सुनीता विद्यार्थी और पार्षद भूपेंद्र कठैत ने भी टिकट की दावेदारी जताई है। यहां टिकट को लेकर पार्टी के भीतर संभावित मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
रायपुर और राजपुर रोड में भी बढ़ी दावेदारी
रायपुर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक उमेश शर्मा काऊ के साथ कुलदीप बुटोला, कमली भट्ट, सीताराम भट्ट, राजकुमार पुरोहित, राजेश शर्मा, विनोद उनियाल और रंजीत भंडारी के नाम सामने आए हैं।
वहीं धर्मपुर सीट पर मौजूदा विधायक विनोद चमोली के अलावा रतन सिंह चौहान और भूपेंद्र कंडारी भी टिकट की दौड़ में हैं। राजपुर रोड विधानसभा सीट पर कैबिनेट मंत्री खजान दास के साथ रविंद्र कटारिया, कुलदीप स्वेडिया, बबीता सहोत्रा, स्वराज विद्वान, मंजू कटारिया और रविंद्र वाल्मीकि दावेदारी कर रहे हैं।
भाजपा ने दावेदारों की संख्या को बताया संगठन की मजबूती
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार का कहना है कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और कार्यकर्ताओं की निष्ठा के आधार पर चलने वाला संगठन है। पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में टिकट के लिए अधिक दावेदार सामने आना संगठन की सक्रियता और मजबूती का संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन की पार्टी में निर्धारित प्रक्रिया है और केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड का निर्णय सभी को स्वीकार करना होगा।
दूसरी ओर कांग्रेस भी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों में जुटी है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संगठन राजेंद्र भंडारी के मुताबिक कई विधानसभा सीटों पर आठ से दस तक दावेदार सामने आ रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य ऐसे उम्मीदवारों को टिकट देना है, जिनका क्षेत्र में मजबूत जनाधार हो और जिनके चुनाव जीतने की संभावना अधिक हो। उन्होंने दावा किया कि टिकट वितरण के बाद सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।
टिकट कटने के बाद बगावत रोकना होगी बड़ी चुनौती
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा के सामने पुराने कार्यकर्ताओं और दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए नेताओं के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती होगी। वहीं कांग्रेस के सामने नए और युवा चेहरों को मौका देने के साथ उनकी चुनावी क्षमता परखने की जिम्मेदारी होगी।
उत्तराखंड में कुल 70 विधानसभा सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 36 सीटों का बहुमत जरूरी है। ऐसे में दोनों दलों के लिए प्रत्येक सीट पर सही प्रत्याशी का चयन बेहद अहम होगा। टिकट की दौड़ में शामिल कई नेताओं में से आखिरकार किसी एक को ही पार्टी का उम्मीदवार बनाया जाएगा। ऐसे में टिकट से वंचित नेताओं की नाराजगी, संभावित बगावत और भीतरघात दोनों ही दलों का चुनावी गणित बिगाड़ सकते हैं।
फिलहाल चुनाव से पहले टिकट की दावेदारी ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि भाजपा और कांग्रेस अपने दावेदारों को किस तरह साधती हैं और 2027 के चुनाव में किसे मैदान में उतारने का फैसला करती हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें