आउटसोर्स कर्मचारियों का आंदोलन जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


26 नवंबर को राज्यपाल आवास घेराव की चेतावनी

देहरादून, 25 नवंबर। समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण और नौकरी की सुरक्षा समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा आउटसोर्स कर्मचारी संघ का आंदोलन जारी है। बुधवार को कर्मचारियों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच किया और शासन को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 26 नवंबर को राज्यपाल आवास का घेराव किया जाएगा।

संघ के अध्यक्ष मंगलेश लखेड़ा और महामंत्री पान सिंह चिलवाल ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इससे पहले 21 सितंबर को रैली और 6 व 7 अक्टूबर को देहरादून में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया गया था। शासन स्तर पर वार्ता के बाद कर्मचारियों का विभागवार डाटा मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडेय को सौंपा गया था। इसके बाद दो नवंबर को बैठक कराने के लिए मुख्य सचिव को पत्र भी भेजा गया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ।

इसी के विरोध में कर्मचारियों ने 23 नवंबर से परेड ग्राउंड में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। 24 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया गया और बुधवार को सचिवालय कूच किया गया। संघ ने स्पष्ट किया कि आंदोलन गतिमान रहेगा। गुरुवार को भी कर्मचारी परेड ग्राउंड में धरने पर बैठेंगे। संघ के अनुसार, दोपहर दो बजे के बाद शासन की ओर से वार्ता के लिए बुलाए जाने की बात कही गई है।

संघ की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना, सभी आउटसोर्स कर्मचारियों का नियमितीकरण, नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित कर आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करना और पूर्व में हटाए गए कर्मचारियों की तत्काल बहाली शामिल है। इसके अलावा 6 और 7 अक्टूबर के आंदोलन में शामिल कर्मचारियों की वेतन कटौती वापस लेने की मांग भी की गई है।संघ ने कहा कि कर्मचारियों के भविष्य और हितों को लेकर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। राज्यपाल आवास घेराव की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Comment

और पढ़ें