देहरादून 26 नवंबर। नगर निगम की दुकानों के आवंटन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी लड़ाई का रूप लेता जा रहा है। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर करीब 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोपों के बीच अब गामा को दो करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस आरोप लगाने वाले विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह की ओर से भेजा गया है। दोनों ने अपनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए एक-एक करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग की है।
कानूनी नोटिस के मुताबिक, विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह का आरोप है कि पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक माध्यमों से उनके खिलाफ आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणियां कीं। उनका कहना है कि उन्हें आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताने का प्रयास किया गया, जबकि किसी सक्षम न्यायालय ने उनके खिलाफ ऐसा कोई निर्णय नहीं दिया है।
नोटिस में कहा गया है कि कथित टिप्पणियों के सार्वजनिक होने से दोनों की सामाजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। साथ ही उन्हें मानसिक परेशानी, सामाजिक अपमान और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
सात दिन में माफी और बयान वापस लेने की मांग
विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह ने पूर्व मेयर को सात दिन का समय देते हुए मांग की है कि उनके खिलाफ दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान वापस लिए जाएं। इसके साथ ही लिखित माफीनामा देने और उन्हीं सार्वजनिक माध्यमों पर खंडन जारी करने को कहा गया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में मांगें पूरी नहीं होने पर अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।
नगर निगम की दुकानों के आवंटन से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला देहरादून नगर निगम की दुकानों के आवंटन से जुड़ा है। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर करीब 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ। अब मामला दो करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस तक पहुंच गया है।







