
उत्तराखंड की विकास यात्रा, पर्यटन, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के अवसरों को गीत-संगीत के माध्यम से किया प्रस्तुत
देहरादून 25 नवंबर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के विकास कार्यों और राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन द्वारा तैयार किए गए इस गीत में प्रदेश की विकास यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को गीत-संगीत एवं दृश्यात्मक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया है।
‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित इस गीत में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। गीत में उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीत निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। साथ ही स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।







