
13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता, ईमानदारी और संवेदनशीलता से जनसेवा करने का दिया संदेश
देहरादून 25 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ ही नवनियुक्त अधिकारियों को जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। उनके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिलनी चाहिए। नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है।
उन्होंने अधिकारियों को नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का सावधानी और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही एवं समयबद्ध आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार जल्द राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप बिना किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन के निष्पक्षता से काम करने की अपेक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। अधिकारियों को इसे अपनी कार्यशैली में शामिल करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। प्रत्येक नियुक्ति के पीछे युवा की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है।
इस अवसर पर सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।







