अंकिता भंडारी मामले पर पीएम की चुप्पी पर कांग्रेस का हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर विस्तार से बात की, लेकिन उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और कथित वीआईपी को सजा दिलाने जैसे गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह चुप्पी साधे रखी।
अभिनव थापर ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता द्वारा हाईकोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग को लेकर दी गई लिखित शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई। उन्होंने इसे सरकार के दोहरे रवैये का उदाहरण बताते हुए कहा कि इससे पूरे मामले पर संदेह उत्पन्न होता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब तक सीबीआई जांच के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (TOR) सार्वजनिक नहीं किए गए हैं और कथित वीआईपी आज भी सत्तारूढ़ दल में प्रभावशाली पदों पर बने हुए हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि सच्चाई को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री देहरादून आकर “मन की बात” तो करते हैं, लेकिन प्रदेश की अस्मिता से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं बोलते। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता करार देते हुए कहा कि उत्तराखंड की जागरूक जनता इस अन्याय को भूलेगी नहीं और समय आने पर इसका जवाब देगी।

Leave a Comment

और पढ़ें