
देहरादून, 20 जून। उत्तराखण्ड पुलिस को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित “इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवॉर्ड फॉर स्टेट पुलिस” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया।
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह उपलब्धि उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को अधिक समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग ने सत्यापन प्रक्रिया को सरल, प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं, जिनका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सरकार और पुलिस विभाग की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखण्ड पुलिस भविष्य में भी नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी। पुलिस मुख्यालय ने इस सम्मान को पूरे पुलिस बल के सामूहिक प्रयास, समर्पण और दक्षता का परिणाम बताया है।







