
देहरादून, 19 जून। पंचम पातशाह श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के पावन अवसर पर राजपुर रोड स्थित राज प्लाजा में राज प्लाजा एसोसिएशन के तत्वावधान में छोले एवं मीठे पानी के छबील लंगर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु साहिब को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन त्याग, सेवा, मानवता और धार्मिक सहिष्णुता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने सत्य और मानव कल्याण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर पूरी मानवता को प्रेम, करुणा और भाईचारे का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
अभिनव थापर ने कहा कि छबील और लंगर की परंपरा केवल सेवा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समानता, एकता और मानवता के मूल्यों को सशक्त करने का संदेश भी देती है। उन्होंने नागरिकों से गुरु साहिब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में बलदेव सिंह, हरदीप सिंह, अशोक नारंग, नवीन कटारिया, तरुण कुमार और नवकरण सिंह सहित राज प्लाजा एसोसिएशन के अनेक सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। संगत की सेवा करते हुए सभी ने गुरु अर्जन देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।







