
देहरादून, 20 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में व्यापक स्तर पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के सैकड़ों सीएससी केंद्रों पर योग शिविर लगाए जाएंगे तथा नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के राज्य कार्यालय ने सभी जिला प्रबंधकों एवं ग्राम स्तरीय उद्यमियों (VLEs) को अपने-अपने क्षेत्रों में योग शिविर आयोजित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। योग शिविरों में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।
योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं सामूहिक योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी सीएससी केंद्रों पर किया जाएगा। इसके लिए केंद्रों पर बड़ी स्क्रीन और डिजिटल माध्यमों के जरिए लाइव प्रसारण की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिक भी इस राष्ट्रीय आयोजन से जुड़ सकें।
राज्य कार्यालय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सीएससी केंद्र पर आयोजित योग शिविर में प्रतिभाग करें और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और निरोगी जीवन का आधार है तथा इसके नियमित अभ्यास से एक स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।






