चार सूत्रीय मांगों को लेकर डिग्रीधारी बेरोजगार लैब तकनीशियनों का मुख्यमंत्री आवास कूच,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 20 जून। अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले सैकड़ों डिग्रीधारी बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास कूच किया। प्रदर्शनकारी गांधी पार्क से रैली के रूप में मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े, लेकिन हाथीबड़कला क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बैरिकेडिंग पर रोके जाने के बाद सभी प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
संघ के अध्यक्ष आशीष चंद्र और प्रदेश महासचिव मयंक राणा ने आरोप लगाया कि प्रदेश के डिग्रीधारी बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियन पिछले एक माह से एकता विहार स्थित धरना स्थल पर शांतिपूर्ण ढंग से अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन, वार्ता और शांतिपूर्ण आंदोलनों के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके चलते उन्हें मुख्यमंत्री आवास कूच करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल लैब तकनीशियनों के लिए नई सेवा नियमावली नहीं बनाई गई है। वर्तमान में वर्ष 1994 की पुरानी नियमावली लागू है, जबकि प्रदेश में 80 से अधिक निजी संस्थानों और चार सरकारी मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। इसके बावजूद प्रशिक्षित युवाओं के लिए पर्याप्त पद सृजित नहीं किए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता की। काफी देर चली बातचीत के बाद स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय से दूरभाष पर बातचीत कराई गई। इसके साथ ही लिखित आश्वासन दिया गया कि सोमवार दोपहर 12 बजे संगठन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की स्वास्थ्य सचिव के साथ चार सूत्रीय मांगों पर औपचारिक वार्ता होगी।
मुख्यमंत्री के निजी सचिव की ओर से भी संगठन को आश्वस्त किया गया कि मुख्यमंत्री स्तर पर वार्ता कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद संगठन ने मुख्यमंत्री आवास कूच को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की।
हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया कि एकता विहार स्थित धरना स्थल पर जारी अनिश्चितकालीन धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता। मुख्यमंत्री आवास कूच में संघ के उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट, कोषाध्यक्ष देवेंद्र दत्त, संगठन मंत्री अनुराग पंत सहित बड़ी संख्या में मेडिकल लैब तकनीशियन शामिल रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें