बांगर घाटी के 16 गांवों को पर्यटन के मानचित्र पर लाने की पहल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंथन रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने संभाली कमान, प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटन से जोड़ने की तैयारी

देहरादून 14 नवंबर। रुद्रप्रयाग जनपद की खूबसूरत बांगर घाटी के 16 गांवों को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने के लिए ग्रामीणों ने सामूहिक पहल शुरू की है। मंथन रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के नेतृत्व में स्थानीय लोग घाटी के विकास, सौंदर्यीकरण और पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाएं जुटाने में लगे हैं। इस पहल के तहत घाटी में पर्यटकों के ठहरने के लिए 82 होमस्टे तैयार किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

सोसाइटी से जुड़े अरविंद सेमवाल के अनुसार, 15 समर्पित साथियों की टीम इस अभियान को आगे बढ़ा रही है। बांगर घाटी में बधानी ताल, तड़ाग ताल और दूध गंगा जैसे प्राकृतिक पर्यटन स्थल मौजूद हैं। इसके अलावा आदिगुरु शंकराचार्य से जुड़ा ऐतिहासिक भगवान वासुदेव मंदिर भी क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। शांत हिमालयी वातावरण के चलते यह घाटी योग और ध्यान के लिए भी बेहतर पर्यटन स्थल बन सकती है।
उन्होंने बताया कि घाटी को पर्यटन के लिहाज से पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को डिजिटल माध्यमों पर भी अच्छा प्रतिसाद मिला है। अब तक इन प्रयासों को 10 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। इसके परिणामस्वरूप घाटी में पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है।
अरविंद सेमवाल ने कहा कि ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पर्यटन विकास की मजबूत नींव तैयार की है, लेकिन इस पहल को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विभाग का सहयोग और सरकार का नीतिगत समर्थन जरूरी है। इसी विषय को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में बांगर घाटी के 16 गांवों की पर्यटन विकास योजना, स्थानीय रोजगार और सरकारी सहयोग की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें