कालाढूंगी में महिलाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री धामी ने नारी शक्ति सम्मान समारोह में 22 महिलाओं को किया सम्मानित, मिनी स्टेडियम निर्माण और अस्पताल के उच्चीकरण समेत छह घोषणाएं कीं

कालाढूंगी 15 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं में कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण, अस्पताल का उच्चीकरण और क्षेत्र में 200 विद्युत पोलों की स्थापना शामिल है। इसके अलावा ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क निर्माण और गोडापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। महिलाओं का वास्तविक सम्मान तभी संभव है, जब उन्हें समान अवसर मिलें और वे आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को पूरा कर सकें। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी माता को सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार की जिम्मेदारियां निभाते देखा है। पहाड़ की महिलाओं का संघर्ष, परिश्रम और आत्मबल समाज के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। उज्ज्वला, जनधन, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम भी महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और इसके उत्पादों की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। वहीं नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बालिकाओं को जन्म पर 11 हजार और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, सम्मानजनक अवसर और आर्थिक आत्मनिर्भरता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मातृशक्ति के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।

समारोह में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें