जौलजीबी मेले में विधायक हरीश धामी के अपमान पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गणेश गोदियाल ने घटना को बताया अलोकतांत्रिक, कहा- विधायक ही नहीं, क्षेत्र की जनता का भी हुआ अपमान

देहरादून 15 नवंबर ।पिथौरागढ़ जिले के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में धारचूला विधायक हरीश धामी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विधायक की आपत्ति को जायज ठहराया है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि गणेश गोदियाल ने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को उनके ही विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम के मंच से बोलने का अवसर नहीं देना और उनका माइक बंद करवाना अलोकतांत्रिक एवं निंदनीय है। यह केवल विधायक का अपमान नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता का भी अपमान है।

गोदियाल ने कहा कि जौलजीबी मेले में प्रोटोकॉल की खुलेआम अनदेखी की गई। सरकार और प्रशासन की ओर से विपक्ष के विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। विधायक हरीश धामी क्षेत्र की समस्याओं और जनता की मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे, लेकिन उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अपने जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों की लड़ाई में विधायक हरीश धामी के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन के माध्यम से विपक्ष के जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें