एआर रहमान और शबाना आजमी समेत दिग्गज हस्तियां जुटेंगी देहरादून में, 27 नवंबर से लिटरेचर फेस्टिवल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तीन दिन तक साहित्य, सिनेमा, संगीत और रंगमंच का होगा संगम, विशाल-रेखा भारद्वाज की संगीत प्रस्तुति से जुटाई जाएगी सामाजिक कार्यों के लिए धनराशि

देहरादून, 15 नवंबर। देहरादून में 27 नवंबर से तीन दिवसीय देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) का आयोजन होने जा रहा है। दून इंटरनेशनल स्कूल में 29 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में देश की साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला जगत की कई दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ रखी गई है।

महोत्सव में संगीतकार एआर रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर समेत कई नामचीन हस्तियां शामिल होंगी। इसके अलावा मनु जोसेफ, संध्या मृदुल, अनुप सोनी, शालिनी पासी, सयानी गुप्ता, तनिष्ठा चटर्जी, शारिब हाशमी, लीना यादव, जूही बब्बर, कुब्रा सेठ और प्रिया मलिक भी विभिन्न सत्रों में अपने विचार साझा करेंगे।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण एआर रहमान और इम्तियाज अली के बीच विशेष संवाद होगा। इसमें दोनों सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला के आपसी संबंधों के साथ अपनी रचनात्मक यात्राओं और फिल्मों पर चर्चा करेंगे। वहीं, विशाल भारद्वाज की चर्चित फिल्म ‘ओमकारा’ के 20 वर्ष और फिल्म ‘पार्च्ड’ के 10 वर्ष पूरे होने पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के पहले उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी मनाया जाएगा। पेंगुइन इंडिया की ओर से महोत्सव के पहले दिन इस उपन्यास का विशेष चित्रकथा संस्करण जारी किया जाएगा।

महोत्सव में साहित्यिक और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाली हस्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। वरिष्ठ हिंदी लेखिका ममता कालिया को ‘शिवानी आयरन लेडी ऑफ द हिल्स’ सम्मान और पर्यावरणविद् पीपल बाबा को ‘गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज’ सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा उभरती साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए रस्किन बॉन्ड साहित्यिक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए इस बार ‘दुआ देहरादून यूनाइट्स आर्टिस्ट्स’ नाम से नई पहल शुरू की जा रही है। इसके तहत धन जुटाने के लिए संगीत कार्यक्रम आयोजित होंगे। 29 नवंबर को विशाल और रेखा भारद्वाज संगीत प्रस्तुति देंगे। इससे प्राप्त धनराशि उत्तराखंड के संवेदनशील और ग्रामीण पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों को मजबूत बनाने में खर्च की जाएगी।

तीन दिवसीय आयोजन में नाट्य प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 27 नवंबर को जूही बब्बर सोनी ‘एक लम्हा जिंदगी’ नाटक प्रस्तुत करेंगी, जबकि 28 नवंबर को तनिष्ठा चटर्जी और शारिब हाशमी अभिनीत ‘ब्रेस्ट ऑफ लक’ का मंचन होगा। इन दोनों नाटकों से प्राप्त धनराशि ‘लेट्स स्प्रेड हैप्पीनेस फाउंडेशन’ को दी जाएगी।

महोत्सव में साहित्यिक चर्चाओं, पुस्तक विमोचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ डीडीएलएफ बाजार और चौपाल भी आकर्षण होंगे। यहां स्थानीय हस्तशिल्प, खानपान, कविता और गीत लेखन कार्यशालाओं, सामूहिक संगीत तथा खुले मंच के माध्यम से लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

महोत्सव के संस्थापक समरांत विरमानी ने कहा कि इस वर्ष आयोजन का उद्देश्य साहित्य और संस्कृति के दायरे को व्यापक बनाने के साथ सामाजिक बदलाव में रचनात्मकता की भूमिका को मजबूत करना है। वहीं, विशाल भारद्वाज ने कहा कि दुआ पहल के माध्यम से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहयोग किया जाएगा।

दून इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक एचएस मान ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को देश के श्रेष्ठ विचारकों और कलाकारों से जुड़ने का अवसर देते हैं। महोत्सव में प्रवेश और पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रहेगा। इच्छुक लोग आधिकारिक वेबसाइट www.dehradunliteraturefestival.com पर पंजीकरण करा सकते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें