
**मुख्य अतिथि अभिनव थापर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, स्वर्गीय पत्रकार विकास धूलिया को दी श्रद्धांजलि**
देहरादून 14 नवंबर। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स ग्राउंड में उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में कांग्रेस नेता अभिनव थापर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा के साथ स्वर्गीय पत्रकार विकास धूलिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट के मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स ने रोमांचक खेल का प्रदर्शन करते हुए दून सुपर किंग्स को सात रन से पराजित किया। अभिनव थापर ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और आयोजन समिति को सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अभिनव थापर ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। क्रिकेट युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ चुनौतियों का सामना करने की सीख भी देता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत युवाओं को बेहतर अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है।
उन्होंने कहा कि विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे आयोजन युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ सामाजिक एकजुटता और खेल भावना को भी मजबूत करते हैं।कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, पूर्व अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत, पूर्व महामंत्री भूपेंद्र कंडारी, अजय शर्मा और शैलेंद्र सेमवाल सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। इस दौरान प्रेस क्लब की ओर से अभिनव थापर को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।







