
**‘डिस्कवरिंग भारत’ रही मुख्य थीम, 2000 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, 70 से अधिक प्रतियोगिताएं हुईं आयोजित**
देहरादून 14 नवंबर। तुलाज यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘उत्कृष्ट 2026’ का आयोजन किया गया। ‘डिस्कवरिंग भारत’ थीम पर आधारित इस महोत्सव में 2000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नवाचार, तकनीक, रचनात्मकता और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में 70 से अधिक प्रतियोगिताएं और गतिविधियां हुईं। इनमें कुल 3.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और राष्ट्रगान के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. शैलेन्द्र कुमार तिवारी, निदेशक प्रो. निशांत सक्सेना, रजिस्ट्रार प्रो. विजय कुमार उपाध्याय और मुख्य अतिथि फ्लक्स मोटर्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विकास शाह मौजूद रहे। विकास शाह ने विद्यार्थियों को अपने सपनों और रुचियों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने उद्यमशीलता के अनुभव भी साझा किए।
महोत्सव के दौरान तकनीकी, विभागीय, कृषि और मनोरंजक श्रेणियों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रोजेक्ट प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने नवाचार और तकनीक आधारित समाधानों का प्रदर्शन किया। वहीं कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, डिजाइन और रोबोटिक्स से जुड़ी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच का परिचय दिया।
इसके अलावा व्यापार, रणनीतिक निर्णय, नेतृत्व और संवाद कौशल को बढ़ावा देने के लिए ट्रेड एक्स, स्ट्रेटेजम, तुलाज ऑक्शन लीग और मॉडल यूनाइटेड नेशंस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कृषि एवं डिजाइन आधारित गतिविधियों में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।मनोरंजक गतिविधियों में रोबोवार, रोबोसॉकर, बॉक्स क्रिकेट, फ्री फायर चैलेंज और रील रश आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों की फ्लैश मॉब प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया।
समापन समारोह में विश्वविद्यालय के सह-संस्थापक एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष रौनक जैन और सह-संस्थापक एवं प्रौद्योगिकी उपाध्यक्ष डॉ. राघव गर्ग मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक पत्रकारिता एवं जनसंचार संकाय के विभागाध्यक्ष तौसीफ इकबाल और अभियांत्रिकी संकाय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. तृप्ति खंडूरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।








