मां धारी देवी मंदिर के पास बनेगी दो मंजिला आधुनिक पार्किंग, 100 वाहनों की होगी क्षमता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित, भूमि हस्तांतरण और निर्माण संबंधी औपचारिकताएं जारी

पौड़ी 15 नवंबर। प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही वाहन पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 100 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी।

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर पार्किंग के लिए भूमि चिह्नित की गई है। जीआईएस सर्वेक्षण में भी यह भूमि पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाई गई है।

योजना के तहत करीब 20 मीटर चौड़े और 70 मीटर लंबे क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग बनाई जाएगी। परियोजना के लिए कार्यदायी संस्था नामित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। संस्था के चयन के बाद पार्किंग का वास्तुशिल्पीय और संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि निर्माण में सुरक्षा और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।

भूमि हस्तांतरण के बाद आगे बढ़ेगा निर्माण

चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और वर्तमान में अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड के प्रबंधन में है। भूमि हस्तांतरण के लिए कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया जाना जरूरी है। इसके बाद भूमि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के नाम हस्तांतरित की जाएगी और निर्माण संबंधी अगली कार्रवाई शुरू होगी।

धारी देवी मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन खड़ा करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतरतीब पार्किंग से होने वाली जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें