बनबसा में अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता का समापन, 250 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

64 मेडल और 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित

बनबसा 15 नवंबर ।उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, यूकेसी एजुकेशन फाउंडेशन के नौ वर्ष पूर्ण होने और बाल दिवस के अवसर पर आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता का डेविड पेंटर हाईस्कूल, गुदमी, गड़ीगोठ में सफलतापूर्वक समापन हुआ। यूकेसी एजुकेशन फाउंडेशन, नवी मुंबई की ओर से पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के तीन अशासकीय और चार राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के करीब 250 बच्चों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में भाषण, वाद-विवाद, नाटक, पर्यावरण संरक्षण, नशे के दुष्प्रभाव, पोस्टर निर्माण और ऐपण सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बच्चों ने कुमाऊंनी और अंग्रेजी भाषा में भी भाषण प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताएं प्राथमिक, जूनियर, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्तर पर आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता बंशीधर उपाध्याय, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट राजेश कुमार और जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद ने किया। इससे पहले विद्यालय परिसर में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर बाल दिवस मनाया गया।

सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक चली प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को कुल 64 प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कारों के रूप में मेडल तथा करीब 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। समापन समारोह में एनएचपीसी बनबसा के महाप्रबंधक जावेद अंसारी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में ई. श्रीनिवास, उपेंद्र कुमार, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, खंड शिक्षा अधिकारी सोराड़ी, कवयित्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता शांति देवी, ग्राम प्रधान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संस्था के संयोजक कैलाश उदय चंद ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य संसाधनों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों और दूरस्थ गांवों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। संस्था की ओर से अन्य जिलों के विद्यालयों और पुस्तकालयों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कुल 1200 से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया। कुछ विद्यालयों में अगले सप्ताह पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन डेविड पेंटर स्कूल की शिक्षिका कविता जोशी ने किया। शिवालिक चिल्ड्रन साइंस फाउंडेशन खटीमा के सुमीत पांडे और उनकी टीम ने निर्णायक की भूमिका निभाई। राजकीय प्राथमिक विद्यालय चंदनी के प्रधानाध्यापक प्रकाश अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजन संपन्न हुआ।

संस्था ने बताया कि प्रोजेक्ट बियॉन्ड एजुकेशन के तहत भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे। साथ ही उत्तराखंड के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें