
सैकड़ों महिलाओं को किया सम्मानित, छठ पूजा की सामग्री भी वितरित
देहरादून, 13 नवंबर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के शास्त्री नगर, कांवली स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में शुक्रवार को उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर के संयोजन में छठ महापर्व मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं को सम्मानित किया गया और उन्हें छठ पूजा की सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में अभिनव थापर ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है। उत्तराखंड में विभिन्न प्रदेशों और संस्कृतियों के लोग प्रेम और सौहार्द के साथ रहते हैं। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां से मां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम होता है। छठ पर्व पर मां गंगा के पवित्र जल में स्नान और भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत संगम है। मां गंगा उत्तराखंड और बिहार की आस्था को जोड़ने वाली मजबूत कड़ी हैं। छठ महापर्व दोनों प्रदेशों के बीच आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत करता है।
समारोह में वार्ड अध्यक्ष अनीता दास, विमलेश वर्मा, अवधेश कुमार, डॉ. दीपक बिष्ट, रूपम, मालती कुमारी, सर्वेश्वरी देवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।









