उत्तराखंड के 12 बंद पड़े आईटीआई आगामी सत्र से होंगे शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शासन ने कौशल विकास एवं सेवायोजन निदेशालय को समयबद्ध ढंग से औपचारिकताएं पूरी करने के दिए निर्देश

देहरादून 13 नवंबर ।प्रदेश के युवाओं को व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश के 12 असंचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) आगामी शैक्षिक सत्र से शुरू किए जाएंगे। शासन ने इनके संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर ने निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संस्थानों के संचालन और बंद किए जाने से संबंधित प्रस्तावों एवं तथ्यों का परीक्षण करने के बाद इन 12 आईटीआई को आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित करने को कहा है।
शुरू होने वाले संस्थानों में पिथौरागढ़ जिले के थल और बढ़ावे, पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल और पौड़ी (परसुंडाखाल), चमोली के देवाल और घाट, चंपावत के बाराकोट, हरिद्वार के लालढांग, देहरादून के लाखामंडल, बागेश्वर के गरुड़, टिहरी गढ़वाल के रणाकोट और ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित राजकीय आईटीआई शामिल हैं।
शासन के अनुसार इन संस्थानों के शुरू होने से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र के आसपास ही तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं के कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें