
प्रदेश में 72.78 लाख मतदाता शामिल, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन
देहरादून 13 नवंबर।। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान शुरू हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का 12 नवंबर को प्रकाशन कर दिया गया है। प्रदेश में इस सूची में कुल 72,78,035 मतदाताओं को शामिल किया गया है। मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेसवार्ता में बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 12,498 हो गई है।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
### 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवा जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या किसी कारणवश मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं, वे 11 दिसंबर तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन या ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।
### ऑनलाइन भी देख सकेंगे मतदाता सूची
ड्राफ्ट मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय और बीएलओ के माध्यम से भी मतदाता सूची देखी जा सकती है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है, जबकि जिला स्तर पर हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
### 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इनके निस्तारण एवं सुनवाई की प्रक्रिया 28 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश में तीन अक्टूबर 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। इसमें कुल 71,58,949 मतदाता शामिल थे। इनमें 34,21,036 महिलाएं, 37,37,701 पुरुष और 212 तृतीय लिंग के मतदाता थे। प्रेसवार्ता में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।









