जेनी प्रकरण पर कांग्रेस की चुप्पी क्यों

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति से हटाने की मांग

**भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग**

**देहरादून, 13 नवंबर।** जेनी प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कांग्रेस और पार्टी के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रकरण में हरक सिंह रावत पर लगाए गए गंभीर आरोपों के साथ उनकी पत्नी दीप्ति रावत के सोशल मीडिया पर दिए गए सार्वजनिक बयान और सोनिया रावत के वक्तव्यों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाना जरूरी है।

शुक्रवार को देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस के नेता महिला सम्मान, अधिकारों और न्याय की बात करते हैं, लेकिन जब सवाल अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत से जुड़ा हो तो पार्टी नेतृत्व चुप्पी क्यों साध लेता है? उन्होंने सवाल किया कि क्या महिला सम्मान और न्याय के सिद्धांत केवल राजनीतिक भाषणों तक सीमित हैं?

रुचि भट्ट ने कहा कि किसी वरिष्ठ राजनीतिक नेता पर इस तरह के गंभीर आरोप सार्वजनिक होने और संबंधित लोगों के बयान सामने आने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आरोपों को केवल राजनीतिक बयानबाजी बताकर खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जांच से बचने के लिए राजनीतिक बयानबाजी के बजाय तथ्यों को सामने लाने की जरूरत है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि हरक सिंह रावत को तत्काल प्रभाव से पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति के पद से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि महिला सम्मान और न्याय के प्रति उसकी प्रतिबद्धता वास्तव में नैतिक है या फिर इन मुद्दों का इस्तेमाल केवल राजनीतिक सुविधा के अनुसार किया जाता है। उन्होंने कहा कि महिला न्याय किसी भी दल की राजनीति से बड़ा विषय है और किसी महिला की आवाज को राजनीतिक नफा-नुकसान के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए।

प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा, महिला मोर्चा मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी और प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल मौजूद रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें