अंकिता के परिजनों से सहायता राशि वापस मांगने के बयान पर भड़के आप नेता हिमांशु पुंडीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बोले- भाजपा राशि वापस लेना चाहती है तो सूची सौंपे, जनता से एक-एक रुपया जुटाकर लौटा देंगे; इंस्टाग्राम पेज बंद कराए जाने पर भी जताया विरोध**

देहरादून 14 नवंबर। अंकिता भंडारी के परिजनों को दी गई आर्थिक सहायता वापस मांगने संबंधी भाजपा विधायक दिलीप रावत के कथित बयान पर आम आदमी पार्टी (आप) युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनहीनता करार देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

हिमांशु पुंडीर ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में अंकिता भंडारी के परिवार को दी गई आर्थिक सहायता वापस लेना चाहती है तो पार्टी उन्हें पूरी धनराशि का विवरण सौंप दे। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की जनता के बीच जाकर एक-एक रुपया एकत्र करेगी और पूरी राशि भाजपा प्रदेश कार्यालय में वापस लौटा देगी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को विधायक दिलीप रावत को पार्टी की वास्तविक मानसिकता उजागर करने के लिए सम्मानित करना चाहिए।

पुंडीर ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयानों से भाजपा की विचारधारा जनता के सामने उजागर हो रही है। उन्होंने प्रदेश की न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान शासन में न्याय कानून के बजाय भाजपा और असामाजिक तत्वों के मापदंडों पर दिए जाने की स्थिति बन रही है।

**इंस्टाग्राम पेज बंद होने पर जताया विरोध**

हिमांशु पुंडीर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज ‘himanshu4uk’ को बंद किए जाने पर भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बाद उनका यह पेज बंद कराया गया, जिस पर 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे और लाखों की संख्या में लोग उनकी पोस्ट देखते थे।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में एसएसपी देहरादून सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुंडीर ने चेतावनी दी कि यदि उनका सोशल मीडिया पेज जल्द बहाल नहीं किया गया तो वह नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। साथ ही डिजिटल नागरिकता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मुद्दे पर प्रदेशभर में बहस आयोजित करेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें