29 अगस्त से शुरू होगा उत्तराखंड खेल विश्वविद्यालय का पहला सत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 7 अगस्त। उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुरू होगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि देव पूजन के साथ विश्वविद्यालय के पहले सत्र का शुभारंभ किया जाएगा।

कैबिनेट द्वारा खेल विश्वविद्यालय के सुचारू संचालन के लिए 122 पदों के सृजन को मंजूरी दिए जाने पर खेल मंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि स्वीकृत पदों पर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए जल्द ही आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की जाएंगी। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
रेखा आर्या ने कहा कि 29 अगस्त उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। खेल विश्वविद्यालय प्रदेश की खेल संस्कृति को नया आयाम देने के साथ खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें