24वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का समापन, 2000 से अधिक निशानेबाजों ने लिया हिस्सा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

युवा निशानेबाजों पर जसपाल राणा के सपने को साकार करने की जिम्मेदारी : रेखा आर्या

देहरादून, 8 अगस्त। पौंधा स्थित राणा इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग स्पोर्ट्स परिसर में आयोजित 24वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 का शनिवार को समापन हो गया। दो से आठ अगस्त तक चली प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के 2000 से अधिक निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

स्वर्गीय निशानेबाज जसपाल राणा की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न शूटिंग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर रेखा आर्या ने कहा कि जसपाल राणा ने शूटिंग के क्षेत्र में भारत को वैश्विक महाशक्ति बनाने का सपना देखा था। इस सपने को साकार करने की जिम्मेदारी अब युवा निशानेबाजों के कंधों पर है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है।
खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से अपने खेल पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के साथ खिलाड़ियों को जरूरी प्रशिक्षण, संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने और बड़े मंचों के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं।
समापन समारोह में उत्तराखंड राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण सिंह राणा, पैरालंपिक कोच सुभाष राणा, मधु मारवाह समेत आयोजक, खेलप्रेमी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें