तकनीकी शिक्षा विभाग लगाएगा चार रोजगार मेले

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

श्रीनगर, देहरादून, काशीपुर और अल्मोड़ा में होंगे मेले, एक सप्ताह में शुरू होगा नि:शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण

देहरादून, 8 अगस्त। प्रदेश के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को देशभर की बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार दिलाने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग आगामी चार माह में प्रदेशभर में चार रोजगार मेले आयोजित करेगा। इन मेलों में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी भागीदारी करेंगे।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को रोजगार मेलों की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। सरकार अब तक स्थायी, संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से 42 हजार युवाओं को रोजगार दे चुकी है।
डॉ. रावत ने बताया कि गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून तथा कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के पासआउट एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। विद्यालयी शिक्षा के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर चुके युवाओं के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार का अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर रोजगार मेलों के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही रोजगार मेलों के आयोजन के लिए विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग की संयुक्त बैठक बुलाकर कार्यक्रम को अंतिम रूप देने को कहा।
विभागों में बनेगा मीडिया सेल
बैठक में डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय मुख्यालयों में मीडिया सेल गठित करने के भी निर्देश दिए। मीडिया सेल का काम विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करने के साथ सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना होगा। प्रत्येक मीडिया सेल में आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को जिम्मेदारी दी जाएगी।
बैठक में सचिव उच्च शिक्षा बीवीआरसी पुरुषोत्तम, सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें