तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ भाजपा की गढ़वाल मंडल बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 8 अगस्त। आगामी चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ भाजपा की गढ़वाल मंडल की एक दिवसीय बैठक शनिवार को हरिद्वार रोड स्थित अतिथि सामुदायिक भवन में हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा विपक्ष के झूठ, भ्रम और अफवाह का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आगामी चुनाव भाजपा के लिए एक और परीक्षा की तरह है, जिसमें पार्टी को सामूहिक प्रयास से 100 प्रतिशत सफलता हासिल करने के लिए तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के कामों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करते हुए सरकार की उपलब्धियों का संदेश घर-घर तक पहुंचाना होगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए धामी ने कहा कि विपक्ष लगातार झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का जिक्र करते हुए पेपर लीक के आरोपों को खारिज किया और कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नकल के एक मामले में भी सरकार ने कड़ी कार्रवाई की और नकल माफिया जेल में बंद हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बिना पर्ची और बिना खर्ची के हो रही नियुक्तियों का सच जनता के सामने रखने को कहा।
धामी ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों के बाद जल्द ही तीसरा चरण शुरू किया जाएगा। इसमें कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं का लाभ उन पात्र लोगों तक पहुंचाने में जुटना होगा, जो अभी तक किसी कारण से लाभ से वंचित हैं।
एसआईआर पर भ्रम फैलाने का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाकर घुसपैठियों और अयोग्य मतदाताओं को बचाने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा का उद्देश्य उत्तराखंड को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने की संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
भट्ट ने कहा कि मंडल अध्यक्ष अपने क्षेत्रों में पार्टी का प्रमुख चेहरा हैं और जनता तथा संगठन का उन पर भरोसा है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा अभियान, संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस, ‘मन की बात’ और बूथ सशक्तीकरण कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की।
बैठक में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने रविदास जयंती कार्यक्रमों की जानकारी दी और सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन एवं सरकार के कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने SIR प्रक्रिया को लेकर जिला एवं मंडल अध्यक्षों को दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने किया। बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Comment

और पढ़ें