राजनीतिक जनसंपर्क में योगदान के लिए अल्मोड़ा के आशुबोध देवड़ी सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अल्मोड़ा, 8 अगस्त। अल्मोड़ा जिले के कपड़खान गांव निवासी आशुबोध देवड़ी को नई दिल्ली में आयोजित द्वितीय बिजनेस आइकन अवॉर्ड्स-2026 में राजनीतिक जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।

समारोह में बिजनेस, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन, लोक प्रशासन, मीडिया और कॉरपोरेट संचार समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पेशेवरों और संस्थानों को सम्मानित किया गया। आयोजन मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण शर्मा के नेतृत्व में हुआ।
समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के महानिरीक्षक (मुख्यालय) दीपक कुमार केडिया, भारतीय राजस्व सेवा के अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार यादव, डॉ. अजय गंभीर, डॉ. अंजू गंभीर और पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन के पूर्व अतिरिक्त निदेशक ओम प्रकाश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राजनीतिक संचार और जनसंपर्क के क्षेत्र में योगदान के लिए आशुबोध देवड़ी को पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर देवड़ी ने कहा कि राजनीतिक संचार तथ्यों, रणनीति और सार्थक जनसंपर्क के माध्यम से विश्वास कायम करने का माध्यम है। यह सम्मान उन्हें इस क्षेत्र में और अधिक जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक संचार में सफलता के लिए विभिन्न देशों की राजनीतिक व्यवस्थाओं के साथ ही भारत के अलग-अलग राज्यों की राजनीति और व्यवस्थाओं का अध्ययन जरूरी है।
मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण शर्मा ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि बिजनेस आइकन अवॉर्ड्स के माध्यम से उन लोगों के योगदान को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है, जिनके कार्य समाज पर स्थायी प्रभाव डालते हैं और दूसरों को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि फेडरेशन आगे भी उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों को सम्मानित करने के साथ नेतृत्व, नवाचार और जनसेवा को प्रोत्साहित करने वाले मंचों को मजबूत करता रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें