देहरादून 8 अगस्त ।उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के चलते अगले दो दिनों में कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 9 और 10 अगस्त के लिए अलग-अलग जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा की आशंका है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागों को आवश्यक संसाधन और उपकरण तैयार रखने तथा सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल यातायात बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन स्विच ऑफ न करने तथा किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) को देने को कहा गया है।
सुमन ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गदेरों और बरसाती नालों के आसपास न जाएं। जलभराव वाले स्थानों और कमजोर पुलों को पार करने से बचें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें तथा मौसम खराब होने पर यात्रा को यथासंभव स्थगित रखें।







