कमजोर वर्गों के कल्याण और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है केंद्र सरकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 7 अगस्त ।केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले शुक्रवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। बीजापुर गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की सामाजिक न्याय, जनकल्याणकारी योजनाओं और समावेशी विकास से जुड़ी उपलब्धियां गिनाईं।

अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार अनुसूचित जाति, ओबीसी, दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना, मुद्रा, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत देशभर में 58.30 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें उत्तराखंड के 40.91 लाख खाते शामिल हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत देश में 58.31 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत हुए हैं, जबकि उत्तराखंड में 36.87 लाख लाभार्थियों को ऋण मिला है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 12.17 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान किए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।
आरक्षण संविधान प्रदत्त व्यवस्था
सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे पर अठावले ने कहा कि आरक्षण संविधान प्रदत्त व्यवस्था है और इसका विरोध संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। उन्होंने प्रस्तावित जातीय जनगणना को विभिन्न समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का आकलन करने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उपयोगी बताया।
महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी। उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया को व्यापक राजनीतिक सहमति के साथ आगे बढ़ने की उम्मीद जताई।
पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की बात
प्रश्नपत्र लीक के मामलों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने रोकथाम के लिए कड़ा कानून बनाया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऐसे मामलों में शामिल तत्वों के सामाजिक बहिष्कार की भी अपील की।
मानसून सत्र को लेकर उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से संसद के सुचारु संचालन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा लोकतंत्र के लिए जरूरी है।
अठावले ने नशा मुक्ति के लिए 790 केंद्रों की स्थापना, वृद्धाश्रमों को सहयोग और एमएसएमई व युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना अच्छा मित्र बताते हुए उनके नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

Leave a Comment

और पढ़ें