मातृशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम: धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 15 अप्रैल।राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित नारी शक्ति वंदन टाउन हॉल सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
इस अवसर पर उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को देश के राजनीतिक इतिहास में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम मातृशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में नई पहचान और अवसर मिलेंगे।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि यह कानून महिलाओं को अधिकार, सम्मान और सशक्त भागीदारी प्रदान करने वाला परिवर्तनकारी प्रयास है, जो देश की सामाजिक और राजनीतिक संरचना को नई दिशा देगा।
रेखा आर्या ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के लिए युगांतरकारी बदलाव की शुरुआत है। उन्होंने मातृशक्ति से आह्वान किया कि इस पहल को जनआंदोलन का रूप देकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, दून विश्वविद्यालय की कुलपति सुलेखा डंगवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य गीता जैन, कार्यक्रम संचालक दीप्ति रावत, रुचि भट्ट सहित अनेक गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

और पढ़ें