बल्लूपुर चौक पर “स्वेच्छा से स्वच्छता” अभियान में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर चौक में नगर निगम, देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेते हुए आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम, देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में सफाई, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। जब तक प्रत्येक नागरिक स्वेच्छा से इस दिशा में योगदान नहीं देगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम, देहरादून के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी आधारित ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस प्रकार के कार्यक्रमों को नियमित रूप से चलाने पर भी जोर दिया, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बनी रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें