
देहरादून 12 अप्रैल।उत्तराखंड को देश का अग्रणी फिल्म शूटिंग हब बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण फिल्म शूटिंग के लिए अत्यंत उपयुक्त राज्य है। सरकार का लक्ष्य इसे देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना है।
उन्होंने बताया कि राज्य की आधुनिक फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, टैक्स छूट और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग से जुड़ी सभी अनुमतियां सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया सुगम बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में अब तक कई हिंदी, क्षेत्रीय फिल्मों, टीवी धारावाहिकों और वेब सीरीज़ की शूटिंग सफलतापूर्वक हो चुकी है। राज्य की वादियां, झीलें, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड को “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है, जो राज्य की अनुकूल नीतियों और व्यवस्थाओं का प्रमाण है।
राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लोकेशन बैंक तैयार किया गया है, जिसमें पर्वतीय क्षेत्र, वन, झीलें और धार्मिक स्थल शामिल हैं। इसके साथ ही फिल्म सिटी के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है, ताकि फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया राज्य में ही संभव हो सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म उद्योग के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरकार द्वारा स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को जोड़ने के साथ-साथ प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भविष्य में यहां शूटिंग करने की इच्छा भी जताई।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पर्यटन को भी नई ऊंचाइयां मिलेंगी।









