दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से डिजिटल प्रगति को मिली रफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 16 अप्रैल ।दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेस-वे) उत्तराखंड में डिजिटल विकास की नई संभावनाओं को गति देने वाला साबित हो रहा है। राजधानी देहरादून में आयोजित इंडिया डिजिटल एम्पावरमेंट मीट एंड अवार्ड कार्यक्रम में देशभर से पहुंचे विशेषज्ञों ने डिजिटल प्रगति में इस एक्सप्रेस-वे की अहम भूमिका को रेखांकित किया।

विशेषज्ञों का कहना था कि बेहतर कनेक्टिविटी किसी भी डिजिटल इकोसिस्टम के विकास की आधारशिला होती है और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे ने इस दिशा में बड़ा बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अप्रैल को एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के बाद दिल्ली से देहरादून की दूरी अब महज ढाई से तीन घंटे में तय हो रही है, जिससे आवागमन पहले से कहीं अधिक सुगम हो गया है।
कार्यक्रम के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि कई विशेषज्ञों ने देहरादून पहुंचने के लिए फ्लाइट के बजाय एक्सप्रेस-वे का विकल्प चुना। सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) के निदेशक आलोक कुमार पांडेय के अनुसार, कई प्रतिभागियों ने अपनी फ्लाइट टिकट रद्द कराकर सड़क मार्ग से यात्रा करना अधिक सुविधाजनक समझा।
कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न सत्रों में डिजिटल विकास, नवाचार और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए विशेषज्ञों ने कहा कि उत्तराखंड में डिजिटल इंडस्ट्री के लिए अनुकूल माहौल तेजी से विकसित हो रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी से आईटी सेक्टर, स्टार्टअप और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा और सचिव नितिश कुमार झा ने भी अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार डिजिटल प्रगति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि एक्सप्रेस-वे राज्य के समग्र विकास, खासकर डिजिटल सेक्टर, के लिए गेमचेंजर साबित होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें