मुख्य सचिव ने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्यों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंतनगर, 16 अप्रैल । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर हवाई अड्डे का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित विस्तारीकरण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डीजीएम सिविल अनूप गुप्ता ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। लगभग 380 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे विस्तारीकरण कार्य के तहत 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण को आवंटित की जा चुकी है। संबंधित भूमि पर भवनों का ध्वस्तीकरण और पेड़ों का कटान कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि एयरपोर्ट परिसर में चारदीवारी निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे जून माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। विस्तारीकरण के तहत 3000 मीटर लंबा रनवे, नया टर्मिनल भवन, हैंगर, आईएलएस सुविधा, कार्गो टर्मिनल और नाइट लैंडिंग सुविधा विकसित की जाएगी। साथ ही वर्तमान एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए एटीएम, कार पार्किंग, टैक्सी व रिटेल काउंटर, वाई-फाई, हेल्पडेस्क, प्राथमिक चिकित्सा और एम्बुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। परियोजना के लिए पर्यावरण स्वीकृति हेतु आवेदन किया जा चुका है।
पीडी एनएचएआई ने बताया कि विस्तारीकरण की जद में आ रहे राष्ट्रीय राजमार्ग के शिफ्टिंग कार्य के लिए सर्वे और टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा।जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट से सटी भूमि पर गेस्ट हाउस का प्रस्ताव है, वहीं कुछ भूमि आर्मी को भी आवंटित की गई है।
मुख्य सचिव ने पंतनगर से संचालित हवाई सेवाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को परियोजना में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने पीपीटी के माध्यम से जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनमन योजना में जनपद को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ, जिस पर महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा 372 ग्राम पंचायतों में से 229 के टीबी मुक्त होने पर राज्यपाल द्वारा भी जनपद को सम्मानित किया गया। उन्होंने बीस सूत्रीय कार्यक्रम, सम्पूर्णता अभियान, रुद्रपुर बाईपास, अमृत योजना, गौशाला, मेडिकल कॉलेज, सर्किट हाउस, ट्रांजिट कैंप, सिडकुल में वर्किंग वुमन हॉस्टल तथा सितारगंज में पार्किंग और पार्क निर्माण जैसी परियोजनाओं की जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में मुख्य सचिव ने ‘वर्ल्ड ऑन व्हील्स डिजिटल लर्निंग लैब’ के तहत तीन माह का कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके छात्रों से संवाद किया और उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, डीएफओ यूसी तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें