

देहरादून 17 अप्रैल। लोक भवन परिसर में गुरुवार को बहुउद्देशीय भवनों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत परिसर में विभिन्न विभागों और सुविधाओं को एकीकृत रूप में विकसित किया जाएगा।
प्रस्तावित निर्माण के अनुसार, पहले भवन में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा कक्षों सहित एक समेकित डिस्पेंसरी बनाई जाएगी। दूसरे भवन में सूचना परिसर और कैफेटेरिया, तीसरे में लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय और चौथे भवन में उद्यान विभाग का कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इन सभी भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाएगा, जिससे स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बहुउद्देशीय भवनों के निर्माण से लोक भवन परिसर में सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। उन्होंने इसे कर्मचारियों और आमजन दोनों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि समेकित सुविधाओं से समय और संसाधनों की बचत होगी तथा कार्यों में दक्षता आएगी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल को सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न विभागों के होने से प्रशासनिक समन्वय मजबूत होगा और नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक पहाड़ी शैली में निर्माण से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित लोक निर्माण विभाग और लोक भवन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








