
देहरादून 12 अप्रैल। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर देहरादून में “जय भीम, जय हिंद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के संचार सचिव वैभव वालिया द्वारा किया गया, जबकि संचालन मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में कन्हैया कुमार ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिया गया संविधान देश की आत्मा है, लेकिन वर्तमान में उसकी मूल भावना पर लगातार प्रहार हो रहा है। उन्होंने सत्ताधारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि “नारा देश का दिया जा रहा है, लेकिन खजाना दोस्त का भरा जा रहा है।” साथ ही उन्होंने कहा कि देश में नफरत, असमानता और अन्याय को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो बाबा साहेब के सपनों के भारत के विपरीत है।
कन्हैया कुमार ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि युवा चुप न बैठें, बल्कि अन्याय के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएं। उन्होंने बाबा साहेब के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को आज के दौर में और अधिक प्रासंगिक बताया।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जूझ रही है, जबकि सरकारें ध्यान भटकाने की राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि देश में सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को अपनाकर देश को सही दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
वहीं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि संविधान हर नागरिक को अधिकार देता है, लेकिन आज उन अधिकारों को सीमित करने की कोशिश की जा रही है। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक को सम्मानित किया गया। अंत में आयोजक वैभव वालिया ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विधायक रवि बहादुर, एन एसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, धीरेंद्र प्रताप, अनिल नेगी, मदनलाल, डॉ. जसविंदर गोगी, अभिनव थापर, ज्योति रौतेला, कर्नल राम रतन नेगी, सुलेमान अंसारी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








