
देहरादून 11 अप्रैल।देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र के बल्लीवाला स्थित वेडिंग प्वाइंट में बैसाखी महोत्सव–2026 हर्षोल्लास और सांस्कृतिक विविधता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने परिवार सहित भाग लेकर भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक मंगलध्वनि और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। पंजाबी लोकगीतों की मधुर प्रस्तुतियों के साथ भांगड़ा और गिद्धा जैसे लोकनृत्यों ने पूरे पंडाल का माहौल उत्साह से भर दिया। पौराणिक विषयों और सांस्कृतिक झलकियों पर आधारित प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को आकर्षित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि बैसाखी का पर्व खुशहाली, समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने के साथ-साथ हमारी परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि कैंट विधानसभा में आयोजित यह सांस्कृतिक समागम क्षेत्र की एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। वहीं राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।इस अवसर पर उत्तराखंड युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ. राकेश भट्ट ने किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रवक्ता गरिमा दसौनी, पूर्व पार्षद चरनजीत कौशल, पार्षद संगीता गुप्ता, पार्षद अभिषेक तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संयोजक अभिनव थापर ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।







