
29 नवंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री धामी करेंगे नेत्र कुंभ 2027 का शंखनाद, 10 हजार मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य
देहरादून 27 नवंबर। हरिद्वार कुंभ मेला 2027 के अवसर पर श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को निशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक नेत्र कुंभ महाशिविर का आयोजन किया जाएगा। 45 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में डेढ़ लाख लोगों की निशुल्क आंखों की जांच, एक लाख जरूरतमंदों को चश्मे और दवाइयों का वितरण तथा 10 हजार चयनित मरीजों के मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के निशुल्क ऑपरेशन कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इस महाअभियान का औपचारिक शुभारंभ 29 नवंबर को देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित शंखनाद कार्यक्रम से होगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। हंस फाउंडेशन के संस्थापक माता मंगला एवं भोले जी महाराज का पावन सानिध्य रहेगा। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार और सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार भी मौजूद रहेंगे।
नेत्र कुंभ का आयोजन उत्तराखंड सरकार और कुंभ मेला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। शिविर में देशभर के 100 नेत्र विशेषज्ञ और 300 ऑप्टोमेट्रिस्ट अपनी सेवाएं देंगे। मरीजों की जांच से लेकर ऑपरेशन और ऑपरेशन के बाद देखभाल तक की व्यवस्था की जाएगी।
नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के संस्थापक संदीप जैन ने बताया कि इस महाशिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति के महासचिव डॉ. अनुज सिंघल ने बताया कि इस अभियान में सक्षम, द हंस फाउंडेशन, स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी, नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन, एम्स ऋषिकेश और दिव्य प्रेम सेवा मिशन सहित कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख एवं सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एडवोकेट ललित प्रसाद पंत ने बताया कि प्रयागराज में 2019 और 2025, हरिद्वार में 2021 तथा राजस्थान के रामदेवरा में 2025 में चार सफल आयोजनों के बाद यह पांचवां नेत्र कुंभ होगा। अभियान के माध्यम से रोके जा सकने वाले अंधत्व से मुक्ति दिलाने के साथ ही नेत्रदान के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ाई जाएगी।







