युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत — सीएम धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 15 अप्रैल।पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में ओहो रेडियो एवं ड्रीमर्स एड्यु हब के सौजन्य से आयोजित “राष्ट्र निर्माण उत्सव” कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए तीन नए रेडियो चैनलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत है और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला भी। उन्होंने युवाओं से “नेशन फर्स्ट” की भावना को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने रेडियो के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि तकनीकी बदलावों के बावजूद रेडियो आज भी जनसंचार का सशक्त और विश्वसनीय माध्यम बना हुआ है। उन्होंने नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ के माध्यम से रेडियो को पुनः लोकप्रिय बनाने के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ओहो रेडियो भी उत्तराखंड में इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यही युवा शक्ति उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा दी जाए, तो भारत पुनः विश्व गुरु बन सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले “जॉब क्रिएटर” बनें।
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में युवाओं को “फ्यूचर रेडी” बनना होगा। राज्य सरकार कौशल विकास, स्टार्टअप और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डिमांड-बेस्ड स्किल ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि का राष्ट्र निर्माण में सदैव महत्वपूर्ण योगदान रहा है। “स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर” और दून विश्वविद्यालय में “सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज” जैसी पहलें इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।मुख्यमंत्री ने सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए उन्हें देश का भावी प्रहरी बताया और कहा कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं के समर्पण, नवाचार और संकल्प से वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में अभिनेता राकेश बेदी, मेजर प्राजुक्ता देसाई, आरजे काव्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें