लैंगिक समानता के लिए संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता जरूरी: डॉ. अनिल दीक्षित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

**माया देवी विश्वविद्यालय में लैंगिक समानता एवं जेंडर चैंपियंस के क्रियान्वयन पर संगोष्ठी आयोजित**

**देहरादून 19 नवंबर।** माया देवी विश्वविद्यालय में लैंगिक समानता और महिला सशक्तीकरण को लेकर संगोष्ठी आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एजुकेशन की ओर से 18 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 15 के तहत लैंगिक समानता और शैक्षणिक संस्थानों में जेंडर चैंपियंस के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। इसमें विभिन्न संकायों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार अंबिका जुयाल रहीं। प्रथम तकनीकी सत्र में स्कूल ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. सीता जुयाल ने जेंडर चैंपियंस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में जेंडर चैंपियंस विद्यार्थियों में लैंगिक संवेदनशीलता विकसित करने के साथ भेदभाव और रूढ़िवादी सोच को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षकों का दायित्व है कि वे भावी पीढ़ी को समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करें।

द्वितीय तकनीकी सत्र में स्कूल ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज के डीन प्रो. डॉ. अनिल कुमार दीक्षित ने संविधान के अनुच्छेद 15 के संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 15 धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग और जन्मस्थान के आधार पर भेदभाव को प्रतिबंधित करता है। महिलाओं के अधिकारों और उन्हें प्राप्त कानूनी संरक्षण की जानकारी देते हुए उन्होंने लैंगिक समानता के लिए संवैधानिक प्रावधानों के महत्व को रेखांकित किया।

संगोष्ठी में बाहरी विशेषज्ञ डॉ. मोनिका शर्मा गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ीं और विद्यार्थियों को विषय से संबंधित व्याख्यान दिया। इस दौरान महिला सशक्तीकरण, संवैधानिक अधिकारों, सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण और जेंडर चैंपियंस की प्रभावी भूमिका पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के डीन डॉ. रमेश जुयाल और आईक्यूएसी निदेशक प्रो. डॉ. संजीव सेठ सहित विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। संगोष्ठी का आयोजन बीएड विभाग की डॉ. कल्पना विश्नोई, डॉ. शबनम खान, डॉ. मुकेश सिंह नेगी और नम्रता सेमवाल ने किया।

Leave a Comment

और पढ़ें