
परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर हुई चर्चा
बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और पुराने पुलों की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण का मुद्दा उठाया
लखनऊ 17 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मध्य लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान तथा पूर्व में हुए समझौतों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों का स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा और सिंचाई व्यवस्था से सीधा संबंध है। इनके शीघ्र पूरा होने से क्षेत्र के लोगों और किसानों को लाभ मिलेगा। इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से जुड़ी परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी चर्चा हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में बनी सहमति के अनुरूप शेष प्रकरणों का समयबद्ध समाधान करने और लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सकारात्मक संवाद एवं आपसी समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष मामलों का भी आपसी सहमति से जल्द निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी व्यक्त किया।








