चारधाम परियोजना के भूमि अधिग्रहण के लंबित मामले 15 दिन में निपटाएं: मुख्य सचिव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 18 नवंबर ।मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने चारधाम परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण के लंबित मामलों का 15 दिन के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण के साथ ही संबंधित भूमि स्वामियों को मुआवजे का भुगतान भी जल्द सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में कोई बाधा न आए।

सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने चारधाम परियोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क एवं रेल परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने देहरादून-ऋषिकेश बाईपास परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि लगभग 825 किलोमीटर लंबे चारधाम यात्रा मार्ग पर विभिन्न पैकेजों के तहत निर्माण कार्य चल रहे हैं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्यों में तेजी लाएं और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी करें।

उन्होंने उत्तरकाशी में संबंधित भूमि का कब्जा तत्काल कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके। इसके लिए लोक निर्माण विभाग, सीमा सड़क संगठन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर लंबित मामलों का समाधान करने को कहा। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले के चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में करीब चार किलोमीटर भूभाग से संबंधित भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने रुद्रप्रयाग के नरकोटा क्षेत्र में मार्ग परिवर्तन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने नरकोटा पुल के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने और शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को साप्ताहिक कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रत्येक सप्ताह निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार, रेल विकास निगम के अधिकारी हिमांशु बडोनी, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारी पंकज सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें