
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने फिल्म के डिजिटल और टेलीविजन प्रसारण अधिकार हासिल किए
मुंबई 18 नवंबर ।नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ अब सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के माध्यम से देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगी। फिल्म 27 नवंबर को सोनी लिव पर रिलीज होगी। इसके बाद जल्द ही सोनी मैक्स पर इसका टेलीविजन प्रीमियर किया जाएगा।
आस्था, भक्ति और मानवीय मूल्यों पर आधारित इस फिल्म ने दुनियाभर के दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई है। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने फिल्म के डिजिटल और टेलीविजन प्रसारण अधिकार हासिल किए हैं।
फिल्म की कहानी लक्ष्मीनारायण नाम के एक युवा बालक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो ईश्वर की खोज में आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। नीम करोली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक अनुभवों से प्रेरित यह कहानी आस्था, विश्वास और भक्ति के भावनात्मक पहलुओं को दर्शाती है।
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के मुख्य कंटेंट अधिकारी अजय भालवंकर ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ ऐसी प्रभावशाली कहानी है, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ती है। कंपनी को खुशी है कि इस फिल्म को डिजिटल और टेलीविजन माध्यमों से अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।








